

“मतदाता सूची पुनरीक्षण जन अभियान है, सभी बढ़-चढ़कर करें सहयोग” – जिलाधिकारी मेधा रूपम
गौतम बुद्ध नगर, 07 नवम्बर 2025।मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य को सुचारु, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में फोनरवा, आरडब्ल्यूए (RWA), एओए (AOA) एवं सहकारी आवास समितियों के पदाधिकारी शामिल हुए.


बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान जन अभियान है, और इसमें प्रत्येक नागरिक, संस्था एवं समिति का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी आरडब्ल्यूए, एओए एवं सोसाइटी प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को हरसंभव सहयोग प्रदान करें तथा अपने परिसर में इस अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाएं।उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो सके।जिलाधिकारी ने बताया कि घर-घर भ्रमण के साथ-साथ अब शहरी क्षेत्रों की सोसायटियों में भी विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि व्यस्त शहरी मतदाता भी आसानी से नामांकन, संशोधन एवं सत्यापन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कर सकें।उन्होंने कहा — “मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की नींव है, और इसकी मजबूती के लिए जनसहयोग सबसे बड़ा माध्यम है।”इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल कुमार ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि BLO घर-घर जाकर योग्य नागरिकों के नाम जोड़ने, अपात्र नाम हटाने और आवश्यक संशोधन करने का कार्य करेंगे।उन्होंने यह भी बताया कि 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों के संभाजन से संबंधित जानकारी सभी संस्थाओं को उपलब्ध करा दी गई है। पदाधिकारियों से अनुरोध किया गया कि वे 10 नवम्बर से पूर्व अपने सुझाव निर्वाचन कार्यालय को भेजें, जिससे आवश्यक संशोधन समय पर किए जा सकें।बैठक में उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, निर्वाचन विभाग के अधिकारीगण एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
